जम्मू के अखनूर में हुए हादसे को लेकर मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश जारी किए गए हैं। एसडीएम जम्मू दुर्घटना के कारणों की जांच कर सात दिन में रिपोर्ट देंगे।
तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस के जम्मू-पुंछ हाईवे पर अखनूर में सड़क से फिसलकर 150 फीट गहरी खाई में खाई में गिर गई। इस भीषण हादसे में 22 लोगों की मौत हो गई, जबकि 72 घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए जीएमसी जम्मू में भर्ती कराया गया। मरने वालों में दो बच्चियां भी शामिल हैं। यह बस श्रद्धालुओं को लेकर शिवखोड़ी जा रही थी।
घायलों में शामिल 12 लोगों को अखनूर उपजिला अस्पताल में दाखिल किया गया था, जिन्हें देर रात जीएमसी जम्मू रेफर किया गया। इसके साथ ही सभी पार्थिव शरीरों को भी जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया है। जीएमसी में शवों की चिकित्सा एवं कानूनी प्रक्रिया पूरी की जानी है।
मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश
इस हादसे को लेकर मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश जारी किए गए हैं। एसडीएम जम्मू दुर्घटना के कारणों की जांच कर सात दिन में रिपोर्ट देंगे। डीएम सचिन कुमार वैश्य ने कहा, जिला प्रशासन स्थिति पर बारिकी से नजर बनाए हुए हैं।
सभी यात्री उत्तर प्रदेश के अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले हैं। हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू व उप राज्यपाल मनोज सिन्हा,कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
अखनूर अस्पताल में इलाज करा रहे घायलों में से एक अमर चंद ने बताया, वीरवार दोपहर करीब 12.35 बजे 57 सीटर बस (यूपी 81सीटी-4058 ) हरियाणा के कुरुक्षेत्र से श्रद्धालुओं को लेकर रियासी जिले के पौनी इलाके में शिव खोड़ी मंदिर कीओर जा रही थी। बस अखनूर के चौकी चोरा बेल्ट में तुंगी-मोड़ पर पहुंची, उसी समय विपरीत दिशा से एक तेज रफ्तार कार आ रही थी।
चालक ने मोड़ पर नियंत्रण खो दिया
बस चालक ने मोड़ पर नियंत्रण खो दिया परिणामस्वरूप बस सीधा खाई में जा गिरी। हादसा होते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और सेना की टीम मदद के लिए तत्काल पहुंच गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से बचाव कार्य शुरू किया गया। खाई गहरी होने के कारण बचाव कार्य में काफी परेशानी आ रही थी।
बचाव टीम रस्सियों के सहारे नीचे उतरी और बसों में फंसे घायलों को निकाला। घायलों को अखनूर में प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। शवों को अखनूर उपजिला अस्पताल भेज दिया गया है। इन लोगों ने उत्तर प्रदेश से अपनी यात्रा शुरू की थी। जम्मू के एसएसपी विनोद कुमार और उपायुक्त सचिन वैश्य ने जीएमसी पहुंच कर घायलों के बारे में जानकारी ली।
छह की हालत गंभीर
गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज जम्मू के प्रिंसिपल डॉ. आशुतोष गुप्ता ने बताया, 47 से अधिक यात्रियों को जीएमसी अस्पताल लाया गया है। इनमें से छह की हालत गंभीर है। मरीजों को समय पर उपचार दिया जा रहा है।