मंडी जिला मंडी में एक दिन शांत रहने के बाद फिर आग से जंगल दहकने लगे हैं। शनिवार को जिले में जंगलों की आग नियंत्रित हो गई थी, मगर रविवार को मंडी की कांगणीधार, सुकेत के जैदेवी, सरकाघाट और जोगिंद्रनगर में एक के बाद एक जंगलों में आग लगने की चार घटनाएं सामने आईं। इससे कई हेक्टेयर क्षेत्र में वन संपदा राख हो गई है। इसके साथ ही असंख्य जीव-जंतुओं की जान चली गई हैं। वहीं, जोगिंद्रनगर में सड़क किनारे कार खड़ा कर जंगल की आग बुझाने गए वन रक्षक की कार भी जल गई है।
जानकारी के अनुसार मंडी जिले में लगातार जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ रही हैं। शुक्रवार को कई जंगलों में भड़की आग की वन विभाग की टीम ने नियंत्रित कर लिया था। शनिवार को आग लगभग नियंत्रित में रही और जंगल भी शांत रहे। मगर रविवार को फिर मंडी की कांगणीधार, सुकेत के जैदेवी, सरकाघाट और जोगिंद्रनगर में आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। तेज हवा चलने से आग तेजी से फैल रही है। इस पर नियंत्रण करना चुनौती बन रही है।
वन विभाग के कर्मचारियों ने आग की इन सभी घटनाओं में जान को जोखिम में डालते हुए आग पर काबू पा लिया है। हालांकि कुछ जंगलों में अभी भी आग से वन दहक रहे हैं। विभाग के मुताबिक यह सभी घटनाएं जिला में दोपहर बाद की हैं, जिस समय तापमान बहुत अधिक होता है। उधर, आग के कारण जंगलों में लाखों की वन संपदा और असंख्य जीव-जंतु अकाल मौत का ग्रास बन गए हैं। विभाग के कर्मचारियों के अलावा आग पर काबू पाने में स्थानीय ग्रामीण, स्वयंसेवी और फायर ब्रिगेड के कर्मचारी भी भूमिका निभा रहे हैं। डीएफओ मंडी हेडक्वार्डर अमरीश ने बताया कि जिला में एक के बाद एक चार आग की घटनाएं पेश आई जिनको नियंत्रित कर दिया है।
चौंतड़ा के खेतड़ू में जंगली की आग की भेंट चढ़ी कार
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर क्षेत्र में जंगल में भड़की आग की चपेट में आने से लाखों की वन संपदा के साथ वन रक्षक की कार जलकर राख हो गई। वन विभाग और पुलिस ने आग की इस घटना की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक रविवार दोपहर विकास खंड चौंतड़ा की मैन भरोला पंचायत के जंगलों में आग लगने की सूचना मिली तो वन रक्षक छोटू यादव टीम सहित कार में सवार होकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने खेतड़ू के समीप कार को खड़ा कर दिया और जंगल की आग को बुझाने में जुट गई। इसी बीच जंगल की आग सड़क तक पहुंच गई और कार को अपने चपेट में ले लिया और जल गई। वन मंडल जोगिंद्रनगर के एसीएफ अश्वनी कुमार ने बताया कि जंगल की आग से वन रक्षक की कार जली है। वन मंडल अधिकारी कमल भारती ने बताया कि घटना की जांच के आदेश दिए हैं। नुकसान के आकलन की रिपोर्ट के साथ आर्थिक सहायता प्रदान करने के यथासंभव प्रयास किए जाएंगे।